टॉय एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया (TAI) ने ट्रेडचाइना फेयर में पहली बार 20 से अधिक भारतीय खिलौना कंपनियों की भागीदारी के साथ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। फेयर के 19वें संस्करण में भारत ने पहली बार अपना राष्ट्रीय इंडिया पैवेलियन स्थापित किया, जिसे 3W ग्रुप इंडिया ने टॉय एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया के सहयोग से विकसित किया।

इंडिया पैवेलियन का औपचारिक उद्घाटन भारत के कांसुल (आर्थिक, व्यापार एवं वाणिज्य) श्री बी. जी. कृष्णन द्वारा किया गया। पैवेलियन में ईको-फ्रेंडली, STEM आधारित, लकड़ी, प्लास्टिक, प्लश और इलेक्ट्रॉनिक खिलौनों की व्यापक श्रृंखला प्रदर्शित की गई, जिसे अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और उद्योग विशेषज्ञों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
इस अवसर पर टॉय एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया के महासचिव शरद कपूर ने कहा कि ट्रेडचाइना जैसे वैश्विक मंच पर भारतीय ध्वज और इंडिया पैवेलियन की उपस्थिति सभी के लिए गर्व और भावनात्मक क्षण था। उन्होंने इसे भारत की खिलौना निर्यात यात्रा की एक मजबूत शुरुआत बताया।
TAI पदाधिकारियों के अनुसार, यह भागीदारी भारतीय खिलौना उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ-साथ निर्यात की नई संभावनाओं को सुदृढ़ करेगी। माना जा रहा है कि ट्रेडचाइना फेयर में यह सहभागिता भारत के लिए नए व्यापार अवसरों और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के द्वार खोलेगी।